औद्योगिक सुरक्षा को मिलेगी नई दिशा बिलासपुर में एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 मार्च को
बिलासपुर, 24 मार्च 2026/sns/-औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने एवं दुर्घटनाओं की संभावनाओं को शून्य करने के उद्देश्य से 25 मार्च 2026 को सवेरे 10 बजे से देवकीनंदन सभागृह, बिलासपुर में एकदिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुक्त बिलासपुर संभाग सुनील जैन करेंगे। इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे तथा आईएचएस रायपुर के संचालक मनीष श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न स्पंज आयरन एवं औद्योगिक इकाइयों द्वारा सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं सकारात्मक पहलुओं पर प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से श्रमिकों एवं प्रबंधन को सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस एक दिवसीय प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों में “शून्य दुर्घटना” की अवधारणा को साकार करना है। पावर पॉइंट प्रस्तुतियों एवं संवादात्मक सत्रों के माध्यम से उपस्थित प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन कर सकें। कार्यक्रम में बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधन एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे, जिससे औद्योगिक सुरक्षा के प्रति व्यापक जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।