जिले के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में अब और तेज होगी आपातकालीन चिकित्सा सुविधा

रायगढ़, 1 अप्रैल 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट परिसर में आज 108 संजीवनी एक्सप्रेस के अंतर्गत 11 नवीन एडवांस लाइफ सपोर्ट एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा उपस्थित रहे और एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई।
नगर निगम महापौर श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 108 संजीवनी एक्सप्रेस के तहत 11 नई एम्बुलेंस सेवाओं का शुभारंभ किया गया है, जिससे जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। कलेक्टर ने कहा कि नई एम्बुलेंस सेवाओं के माध्यम से विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इन एम्बुलेंस के माध्यम से गंभीर मरीजों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी, जिससे जीवन रक्षा की संभावनाएं बढ़ेंगीमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि आज रवाना की गई 11 एम्बुलेंस की तैनाती जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में की जाएगी, जिनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैलूंगा, जिला अस्पताल केजीएच-1 रायगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार, जिला अस्पताल केजीएच-2 रायगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कापू, सिविल अस्पताल खरसिया, सिविल अस्पताल धरमजयगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा तथा आईएफटी जिला अस्पताल रायगढ़ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर के लिए एक नई एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस भी प्रस्तावित की गई है। इन एम्बुलेंस में आधुनिक जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध रहेंगे तथा प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ के माध्यम से मरीजों को प्राथमिक उपचार से लेकर उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों तक सुरक्षित पहुंचाने की सुविधा मिलेगी। इस पहल से जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *