सरायपाली सीएचसी में उत्साह पूर्वक मनाया गया विश्व स्वास्थ्य दिवस

महासमुंद, 07 अप्रैल 2026/sns/- जिले के स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नागेश्वर राव के हम सभी के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध संदेश के अनुरूप तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल नायक के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संपन्न हुईं। खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टी.आर. धृतलहरे ने अपने संबोधन में बताया कि विश्व स्वास्थ्य दिवस का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना एवं बीमारियों की रोकथाम के प्रति सजग बनाना है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छता तथा योग-व्यायाम को अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा उपस्थित लोगों को स्वच्छता, पोषण, टीकाकरण एवं जीवनशैली से संबंधित जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन लोगों को स्वयं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने के संदेश के साथ किया गया। इस अवसर पर मितानिन कार्यक्रम से जिला मितानिन समन्वयक जागृति बरेठा, ब्लॉक समन्वयक रुदना राणा, पार्वती चौधरी, स्वस्थ पंचायत समन्वयक लोचना सोना, रामबती बारिक सहित विकासखंड सरायपाली के सभी मितानिन प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

About The Author