ग्राम ठंडार में लो-वोल्टेज की समस्या दूर
खैरागढ़/गंडई, 10 अप्रैल 2026/sns/-खैरागढ़ जिले के गंडई उपसंभाग के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत ठंडार में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या का विद्युत विभाग ने सफलतापूर्वक निराकरण कर दिया है। चौक और मोहल्ले में वोल्टेज कम होने के कारण ग्रामीणों को घरेलू विद्युत उपकरणों के संचालन और पेयजल संसाधनों (जैसे बोरवेल व पंप) के उपयोग में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था।
त्वरित जांच और विभागीय कार्रवाई –
समस्या की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के मैदानी अधिकारियों ने तत्काल मौके का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि एलटी (लो-टेंशन) लाइन अत्यधिक लंबी होने के कारण वोल्टेज ड्रॉप हो रहा था और अंतिम छोर तक पर्याप्त बिजली नहीं पहुंच पा रही थी।
विद्युत विभाग ने इस पर त्वरित एक्शन लेते हुए निम्नलिखित कार्य पूर्ण किए:-
नया डीपी पोल और ट्रांसफार्मर :- चौक-मोहल्ले के लिए विशेष रूप से नया डीपी पोल खड़ा कर वितरण ट्रांसफार्मर चार्ज (चालू) किया गया।
लाइन का सुदृढ़ीकरण:- लंबी निम्नदाब (एलटी) लाइन की लंबाई को कम किया गया और लोड को नए ट्रांसफार्मर पर सुचारू रूप से विभाजित किया गया।
निर्बाध विद्युत आपूर्ति:- इन कार्यों के पूर्ण होते ही ग्राम पंचायत ठंडार के रहवासियों को अब बिना किसी ट्रिपिंग और पर्याप्त वोल्टेज के साथ 24 घंटे बिजली की सुविधा मिलने लगी है।
ग्रामीणों के चेहरों पर लौटी मुस्कान:-
विद्युत अधोसंरचना के इस विकास कार्य के पूरा होने पर गांव के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई है। भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली की समस्या दूर होने से पूरा गांव राहत महसूस कर रहा है।
अधिकारियों का जताया आभार:-
इस कार्य के सफलतापूर्वक और रिकॉर्ड समय में क्रियान्वयन के लिए ग्राम ठंडार के पूर्व सरपंच श्री तानसेन साहू, श्री राज यादव, श्री गोपी वर्मा, श्री ओमलाल जंघेल, श्री गुलेश्वर वर्मा सहित समस्त ग्रामवासियों ने विभाग के प्रति कृतज्ञता प्रकट की है। ग्रामीणों ने खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री आलोक दुबे, सहायक अभियंता गंडई श्रीमती किरण जांगड़े, कनिष्ठ अभियंता श्री हरिप्रसाद जंघेल एवं उनकी पूरी मैदानी टीम का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है।