नशामुक्त मुंगेली की ओर कदम
मुंगेली, 10 अप्रैल 2026/sns/- जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए नार्को को-आडिनेशन की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में व्यक्तियों की संलिप्तता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग एवं औषधि विभाग की समीक्षा करते हुए मेडिकल स्टोर्स के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने फर्जी मेडिकल स्टोर्स को तत्काल बंद करने तथा लाइसेंसशुदा दवाइयों के स्टॉक की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि स्कूल एवं कॉलेज के 500 मीटर के दायरे में पान दुकान या मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों पर कोटपा एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करने, सफेमा एक्ट, कोटपा एक्ट के अंतर्गत की गई कार्रवाई की समीक्षा करने तथा मेडिकल स्टोर्स पर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी भी ली। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि एनकॉर्ड से संबंधित प्रतिवेदन समय-सीमा में पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने नारकोटिक औषधियों के अवैध सेवन को रोकने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश देते हुए नशामुक्ति केंद्रों में लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी भी ली। उन्होंने सड़कों पर निर्माण सामग्री रखने से दुर्घटना की आशंका पर चिंता व्यक्त करते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल वाहनों के संचालन में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए बैठक आयोजित कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।