प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान जिले में चना खरीदी की हुई शुरूआत

मुंगेली, 10 अप्रैल 2026/sns/- प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के अंतर्गत जिले में चना फसल की समर्थन मूल्य पर खरीदी की औपचारिक शुरुआत हो गई है। कलेक्टर के श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार लोरमी सेवा सहकारी समिति में प्रथम दिवस 07 किसानों से कुल 80 क्विंटल चना की खरीदी की गई। जिले में समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने से किसानों में उत्साह का माहौल है तथा उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित होने से आर्थिक संबल मिलेगा। कृषि विभाग की उपसंचालक श्रीमती वीणा ठाकुर ने बताया कि दलहनी एवं तिलहनी फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राइस सपोर्ट स्कीम लागू की गई है। योजना के तहत खरीफ सीजन में अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन तथा रबी सीजन में चना, मसूर एवं सरसों की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाती है।
जिले में अब तक चना फसल के लिए 885.93 हेक्टेयर, सरसों के लिए 95.14 हेक्टेयर तथा मसूर के लिए 26.93 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन किया जा चुका है। चना की खरीदी 05 हजार 875 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद सदस्य श्रीमती सरस्वती कमल राजपूत द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण श्री रामेश्वर बंजारे एवं श्री जवाहर दिवाकर, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री सुभाष सोनी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री धनंजय कुर्रे सहित कृषि विभाग एवं समिति के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author