मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना से बिजली बिल से मिली राहत
अम्बिकापुर, 13 अप्रैल 2026/sns/- ग्रामीण अंचल में भारी भरकम बिल के भुगतान में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना बड़ी राहत लेकर आई है। जिले के लूण्ड्रा विकासखंड ग्राम गड़बिरा के रहने वाले राम दास को भारी-भरकम बिजली बिल भुगतान का बोझ अब कम हो गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की “अंत्योदय“ की परिकल्पना धरातल पर साकार हो रही है। इस योजना से हजारों बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिल रही है।
30 हजार से अधिक का बिल, मात्र 8,750 रुपये में हुआ निपटारा
श्री रामदास ने बताया कि उनका बिजली बिल बढ़कर 30,010 रुपये हो गया था। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि इतनी बड़ी राशि का एक साथ भुगतान किया जा सके। लेकिन शासन की मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना ने उनकी इस बड़ी चिंता को चुटकियों में हल कर दिया। योजना के तहत रामदास को 21,260 रुपये की बड़ी छूट मिली है, जिसके बाद उन्हें केवल 8,750 रुपये की शेष राशि भुगतान करना होगा। इस योजना से लगभग 75 प्रतिशत की बिजली बिल में छूट मिली है।
एक पहल से 21 हजार रुपये की बचत
रामदास ने बताया कि ’मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना’ की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत बिजली कार्यालय से संपर्क किया। योजना के प्रावधानों के तहत जब उनके बिल का मिलान किया गया, तो शासन की ओर से उन्हें 21,260 रुपये की छूट प्रदान की गई। इस छूट के बाद रामदास का बिल घटकर मात्र 8,750 रुपये रह गया। अपनी बचत और राहत को देखते हुए रामदास ने विलंब न करते हुए तत्काल शेष राशि जमा कर अपने घर को बिजली बिल के पुराने बोझ से मुक्त पाई।
योजना के लिए शासन का जताया आभार
हितग्राही रामदास ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उन्हें इतनी बड़ी राशि की छूट मिलेगी। उन्होंने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुराने बकाया बिजली बिल पर ब्याज और सरचार्ज की छूट से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिल रही है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार की इस संवेदनशील पहल से प्रदेश भर में हजारों उपभोक्ता लाभान्वित हो रहे हैं, जिससे न केवल उनका आर्थिक बोझ कम हो रहा है, बल्कि वे बिजली बिलों के नियमित भुगतान हेतु भी प्रोत्साहित हो रहे हैं।