अक्ति तिहार पर कृषि विज्ञान केंद्र सुकमा में कृषि उत्सव
सुकमा, 20 अप्रैल 2026/sns/- अक्ति तिहार (अक्षय तृतीया) के पावन अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, सुकमा में विशेष कृषि उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पारंपरिक आस्था और आधुनिक कृषि तकनीकों का सुंदर संगम देखने को मिला। आयोजन में सुकमा कलेक्टर श्री अमित कुमार, भारतीय किसान संघ के महामंत्री श्री धरम नाग एवं प्राकृतिक खेती अपनाने वाले प्रगतिशील कृषक श्री नंदा नाग की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में लगभग 64 किसान एवं स्कूल स्तर की कृषि संकाय विषय की छात्राएं भी शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न इकाइयों मछली पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, वर्मी कम्पोस्ट एवं प्राकृतिक खेती का निरीक्षण किया और इसे किसानों के लिए “जीवंत प्रयोगशाला” बताया। उन्होंने 15 एकड़ में फलोद्यान के अंतर्गत अमरूद, आम, नारियल, काजू, पाइनएप्पल, ड्रैगन फ्रूट एवं एप्पल बेर जैसे फलदार पौधों के रोपण हेतु दिशा-निर्देश दिए तथा जिला प्रशासन की ओर से वित्तीय सहयोग का आश्वासन भी दिया। इसके साथ ही पुलिया निर्माण, ट्यूबवेल सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी पर्याप्त सहायता प्रदान करने की बात कही।
इस अवसर पर कलेक्टर ने भिंडी के बीज की बुवाई कर किसानों को समय पर खेती प्रारंभ करने और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने अपने संबोधन में ड्रैगन फ्रूट, एप्पल बेर, आम, पाइनएप्पल एवं मुनगा (सहजन) जैसी उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इन फसलों से सुकमा जिले के किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर उत्पन्न होंगे और कृषि क्षेत्र में आर्थिक मजबूती आएगी।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री एच.एस. तोमर, डॉ. परमानंद, डॉ. योगेश कुमार सिदार एवं डॉ. गुंजेश्री गोंड उपस्थित रहे। कृषि विभाग से श्री सुधीर दादौरिया एवं कार्यपालन अभियंता श्री गजेंद्र सर भी कार्यक्रम में शामिल हुए। ठळ। उत्पादन प्रभारी डॉ. परमानंद ने नील-हरित शैवाल का जीवंत प्रदर्शन कर जैव उर्वरक के रूप में इसके लाभ बताए। अंत में वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री एच.एस. तोमर ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापन किया तथा आयोजन को सफल बनाने में केंद्र के कर्मचारियों संगीता, कुंदन, मुन्ना, राविल, विक्रम एवं ओमप्रकाश के योगदान की सराहना की।