सीएमएचओ ने ली मितानिन कार्यक्रम के संबंध में जिला स्तरीय बैठक

मुंगेली, 22 अप्रैल 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार सीएमएचओ डॉ. शीला साहा ने मितानिन कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ब्लॉक समन्वयक एवं स्वस्थ पंचायत समन्वयकों की उपस्थिति में कार्यक्रम की प्रगति एवं भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने कहा कि मातृत्व मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मितानिनों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर नियमित घर-घर भ्रमण एवं एएनसी जांच सुनिश्चित करें, साथ ही जनजागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
सीएमएचओ डॉ. साहा ने आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड एवं आभा आईडी निर्माण में मितानिनों से विशेष सहयोग करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके। जिला नोडल अधिकारी मितानिन कार्यक्रम डॉ. मनीष बंजारा ने मितानिनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे फील्ड स्तर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में अहम योगदान देती हैं और उनके प्रयासों से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। बैठक में राज्य प्रोग्राम अधिकारी श्री सत्यप्रकाश साहू, जिला मितानिन समन्वयक श्रीमती ललिता मरावी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author