आवासीय खेल अकादमी रायपुर में विभिन्न खेलों के लिए चयन ट्रायल 28 अप्रैल से 01 मई तक
मुंगेली, 24 अप्रैल 2026/sns/- जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से रायपुर स्थित आवासीय खेल अकादमी में विभिन्न खेलों के लिए चयन ट्रायल 28 अप्रैल से 01 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। वरिष्ठ खेल अधिकारी ने बताया कि हॉकी (बालक-बालिका), तीरंदाजी (बालक-बालिका), फुटबॉल (केवल बालिका), वेटलिफ्टिंग (बालक-बालिका) तथा एथलेटिक्स (बालक-बालिका) खेलों में प्रवेश हेतु यह चयन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। तीरंदाजी, फुटबॉल एवं वेटलिफ्टिंग के लिए ट्रायल 28 से 29 अप्रैल तक, जबकि हॉकी एवं एथलेटिक्स के लिए 30 अप्रैल से 01 मई तक चयन ट्रायल होंगे।
ट्रायल में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 13 से 17 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। चयनित खिलाड़ियों को आवासीय सुविधा के साथ शिक्षा, भोजन, बीमा, खेल किट एवं उच्च स्तरीय प्रशिक्षण निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। अधिक जानकारी एवं पंजीयन हेतु जिला कलेक्टोरेट स्थित खेल विभाग कक्ष क्रमांक 241 में संपर्क किया जा सकता है।