छात्रहित और शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने व्याख्याता का निलंबन बहाल
दुर्ग, 30 अप्रैल 2026/sns/-दुर्ग संभाग आयुक्त श्री सत्यनारायण राठौर ने छात्र हित और शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूर्व में निलंबित व्याख्याता श्री वेदराम पात्रे को तत्काल प्रभाव से बहाल कर दिया गया है। ज्ञात हो कि श्री पात्रे, जो शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दामापुर (बाजार), विकास खंड पंडरिया, जिला कबीरधाम में पदस्थ थे, उन्हें निलंबन से मुक्त करते हुए अब शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मगरघटा, विकास खंड नवागढ़, जिला बेमेतरा में आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है। उल्लेखनीय है कि श्री वेदराम पात्रे को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत 14 जनवरी 2026 को निलंबित किया गया था और उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई नियत किया गया था। शासन ने नवागढ़ विकास खंड के मगरघटा विद्यालय में अर्थशास्त्र विषय के व्याख्याता के रिक्त पद का संज्ञान लिया, व्याख्याता न होने से वहां के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें विषय ज्ञान का लाभ नहीं मिल पा रहा है। विद्यालयीन और छात्र हित को दृष्टिगत रखते हुए संभाग आयुक्त श्री राठौर ने श्री पात्रे का निलंबन समाप्त कर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान के निर्णय और अन्य विभागीय औपचारिकताएं विभागीय जांच के उपरांत गुण-दोष के आधार पर पृथक से तय की जाएंगी। यह बहाली आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है, जिससे रिक्त पद वाले विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को गति मिल सकेगी।