बोर्ड परीक्षा 2026 में हाईस्कूल में प्रदेश में 7वां स्थान

सुकमा, 07 अप्रैल 2026/sns/-छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल  द्वारा घोषित बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में सुकमा जिले ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश स्तर पर 7वां स्थान प्राप्त किया है। इस सफलता पर कलेक्टर श्री अमित कुमार, जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
कक्षा 10वीं के परिणामों में सुकमा जिले का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। कुल 2013 विद्यार्थियों में से 1835 छात्र-छात्राएं सफल हुए और जिले ने 91.29ः सफलता प्रतिशत दर्ज किया। परिणामों में 1148 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 673 ने द्वितीय श्रेणी तथा 14 विद्यार्थियों ने तृतीय श्रेणी प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
हाईस्कूल परीक्षा में कु. शिवांगी सिंह परिहार (स्वामी आत्मानंद स्कूल, छिंदगढ़) ने 97.33ः अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कु. सना निशा (मदर टेरेसा अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सुकमा) ने 95.50ः के साथ दूसरा और श्री उमर खान (स्वामी आत्मानंद स्कूल, कोंटा) ने 94.67ः अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए।
कक्षा 12वीं में भी सुकमा जिले ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में 23वां स्थान प्राप्त किया। कुल 1413 परीक्षार्थियों में से 1137 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए और जिले का सफलता प्रतिशत 80.63ः रहा। इस परीक्षा में कु. शेख जसमीन (स्वामी आत्मानंद स्कूल, दोरनापाल) ने 92ः अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, कु. जमुना (स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल, तालनार) ने 90.80ः के साथ द्वितीय स्थान तथा श्री आयान मैथ्यू (IMST अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सुकमा) ने 88.40ः के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिले की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने खुशी जताते हुए विद्यार्थियों की मेहनत और लगन की सराहना की है।

About The Author