सुकमा में 5वीं-8वीं परीक्षा परिणाम घोषित 99 से अधिक सफलता बेटियों ने किया शानदार प्रदर्शन
सुकमा, 07 अप्रैल 2026/sns/-जिले में जिला स्तरीय केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा 2025-26 के तहत कक्षा 5वीं एवं 8वीं के परीक्षा परिणाम आज 30 अप्रैल 2026 को जिला कलेक्टर श्री अमित कुमार द्वारा घोषित किए गए। जिले का प्रदर्शन इस बार बेहद उत्कृष्ट रहा, जहाँ कक्षा 5वीं का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 99.80ः और कक्षा 8वीं का 99.48ः दर्ज किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कक्षा 5वीं की परीक्षा में कुल 4555 विद्यार्थी शामिल हुए, जिसमें छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में शीर्ष स्थान हासिल किए। आई.एम.एस.टी. अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सुकमा की कु. धृती ने 98.15ः अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं स्वामी आत्मानंद स्कूल छिंदगढ़ की कु. चंचल जैन (98.05ः) द्वितीय तथा आई.एम.एस.टी. दोरनापाल की कु. सना बानो (98.00ः) तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा 5वीं में कुल 3889 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
कक्षा 8वीं के परिणामों में भी जिले ने बेहतरीन उपलब्धि दर्ज की। कुल 3680 परीक्षार्थियों में से 2909 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। सरस्वती शिशु मंदिर तोगपाल की कु. दिव्या साहू ने 94.03ः अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आई.एम.एस.टी. अंग्रेजी माध्यम स्कूल सुकमा के अंकित भूआर्य (93.87ः) ने दूसरा और कु. वाणी चोंडक (93.77ः) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जिले के अधिकारियों ने इस शानदार परिणाम को शिक्षा स्तर में निरंतर हो रहे सुधार और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम बताया।