राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय भाटापारा में वार्षिक स्नेह सम्मेलन में शामिल होकर छात्र छात्राओं का बढ़ाया उत्साह
बलौदाबाजार-भाटापारा, 7 मई 2026 /sns/- शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा में बुधवार को आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कॉलेज परिसर की सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
*विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र*-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि वार्षिक स्नेह सम्मेलन न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यह विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनमें आपसी सौहार्द बढ़ाने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने युवाओं को अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया।
*परिसर की सुरक्षा हेतु सख्त निर्देश*-कॉलेज प्रशासन और छात्रों की मांग को गंभीरता से लेते हुए, मंत्री श्री वर्मा ने कॉलेज की बाउंड्रीवाल को बेजाकब्जा (अतिक्रमण) मुक्त करने हेतु कड़े निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कॉलेज की भूमि का सीमांकन करने को कहा ताकि परिसर को सुरक्षित किया जा सके और भविष्य में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को रोका जा सके।
कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोक कला पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित प्राचार्य, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।