आकांक्षी ब्लॉक कोंटा में विकासखंड स्तरीय बैंकर्स कार्यशाला संपन्न

सुकमा, 09 मई 2026/sns/- सुकमा जिले के आकांक्षी विकासखंड कोंटा में गुरुवार को विकासखंड स्तरीय बैंकर्स कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, एनआरएलएम के बीपीएम, पीओ मनरेगा, कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभागों एवं बैंक शाखाओं के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत बनाना रहा।
कार्यशाला में जिला अग्रणी बैंक के महाप्रबंधक एवं नाबार्ड अधिकारियों ने बैंक शाखा प्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित कर हितग्राहीमूलक योजनाओं में प्राप्त होने वाले नवीन लक्ष्यों की पूर्ति पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान डीबीटी संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान, स्वयं सहायता समूहों को ऋण वितरण में तेजी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर सुनिश्चित कराने को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में केसीसी प्रकरणों के शीघ्र निराकरण तथा ग्रामीण क्षेत्र में वित्तीय सहायता को सरल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना बाधा के पहुंचे। कार्यशाला में पीआरपी एवं अन्य कैडर की भी सहभागिता रही, जिससे यह संदेश स्पष्ट हुआ कि प्रशासन विकास कार्यों को गति देने और आकांक्षी ब्लॉक कोंटा को प्रगति की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

About The Author