महलोई में वैज्ञानिक तरीके से हो रहा सेप्टिक टैंक का निस्तारण
रायगढ़, 9 मई 2026/sns/- रायगढ़ जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत जनपद पंचायत तमनार अंतर्गत ग्राम पंचायत महलोई में स्वच्छता एवं सुरक्षित मल प्रबंधन की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत महलोई निवासी संजय पटनायक के सेप्टिक टैंक की मशीन के माध्यम से सफाई कराई गई तथा निकाले गए डी-स्लज (डी-स्लजिंग अपशिष्ट) को सुरक्षित रूप से एफएसटीपी महलोई में निस्तारित किया गया।ग्राम पंचायत महलोई में अब तक दो बार सेप्टिक टैंक खाली कराने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इससे गांव में नियमित स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल रही है और खुले में मल अपशिष्ट फेंके जाने से होने वाले जल एवं भूमि प्रदूषण में भी कमी आएगी। एफएसटीपी में वैज्ञानिक पद्धति से मल अपशिष्ट का उपचार किए जाने से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ जल स्रोतों की सुरक्षा तथा जनस्वास्थ्य को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत लोगों को सेप्टिक टैंक की नियमित सफाई एवं सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। जिन हितग्राहियों को सेप्टिक टैंक खाली कराना हो, वे संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव अथवा नगर पंचायत घरघोड़ा के सीएमओ कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।