मुख्यमंत्री श्री साय 10 मई को जिले को देंगे 353 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात

मुंगेली, 10 मई 2026/sns/-  मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 10 मई को जिला मुख्यालय मुंगेली पहुचेंगे। इस दौरान वे मुंगेली नगर पालिका के चौक-चौराहों में महापुरुषों एवं संतों की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय जिले में 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें 152 करोड़ 02 लाख रूपये से अधिक के 284 कार्यों का लोकार्पण एवं 201 करोड़ 56 लाख रूपए से अधिक के 130 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। जिला मुख्यालय स्थित डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री श्री साय पुष्प वाटिका एवं चौपाटी, नहर, एनीकट, लाइवलीहुड कॉलेज भवन पहुंच मार्ग, मुंगेली भटगांव पहुंच मार्ग सहित अन्य सड़कों, स्वामी आत्मानंद विद्यालय मोतिमपुर, लालपुर थाना, लोरमी पथरिया, सरगांव, विभिन्न ग्रामों में निर्मित महतारी सदनों, छात्रावासों, जल जीवन मिशन के कार्यों, सामुदायिक भवनों, विभिन्न ग्राम पंचायत में निर्मित अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों, प्राथमिक शाला भवनों, सांस्कृतिक मंचों, सीसी सड़कों, अमृत सरोवरों में विभिन्न कार्य, विभिन्न ग्रामों के आंगनबाड़ी भवनों सहित अन्य कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसी तरह विभिन्न ग्रामों में सीसी सड़कों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सड़क मार्गों, विभिन्न ग्रामों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों, मुंगेली नगर पालिका में एसटीपी सहित अन्य वार्डों में तालाब सौंदर्यीकरण, फुटपाथ निर्माण, पुल निर्माण सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे।

About The Author