जिले के सभी कार्यालय अवकाश के दिनों में भी रहेंगे खुले

कवर्धा, 11 मई 2026/sns/-कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपाल वर्मा द्वारा नगर पालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 2026 की निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ होने तथा मतदान तिथि घोषित किए जाने के परिप्रेक्ष्य में जिले के समस्त शासकीय कार्यालयों के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जारी आदेशानुसार कबीरधाम जिले के सभी कार्यालय अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे। साथ ही अवकाश के दिनों में कार्यालय अवधि समाप्ति के पश्चात् निर्वाचन संबंधी डाक प्राप्त करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाना सुनिश्चित किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यालय प्रमुख अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निवास का पूर्ण पता तथा दूरभाष संबंधी जानकारी कार्यालय में संधारित रखें, ताकि निर्वाचन संबंधी डाक की तामिली एवं अन्य आवश्यक कार्य किसी भी समय सुचारु रूप से संपादित किए जा सकें। इसके अतिरिक्त समस्त अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जब भी शासकीय कार्य से जिला मुख्यालय स्थित किसी कार्यालय में आएं, तब सहायक अधीक्षक एवं अधीक्षक जिला कार्यालय से संपर्क कर निर्वाचन संबंधी डाक प्राप्त करना सुनिश्चित करें। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।

About The Author