मानवता की मिसाल उच्च जोखिम गर्भवती महिला के सुरक्षित प्रसव के लिए आयुष्मान ऑपरेटर ने किया रक्तदान
मुंगेली, 12 मई 2026/sns/- जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति संवेदनशीलता और मानवता की मिसाल उस समय देखने को मिली, जब प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दशरंगपुर में पदस्थ आयुष्मान ऑपरेटर श्री पुष्पकांत सिंह ठाकुर ने एक उच्च जोखिम गर्भवती महिला के सुरक्षित प्रसव के लिए स्वयं रक्तदान कर उसकी मदद की। इस सराहनीय पहल से न केवल गर्भवती महिला को समय पर उपचार मिल सका, बल्कि जच्चा और बच्चा दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। गौरतलब है कि कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दशरंगपुर की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आयुष डॉ. मीनाक्षी बंजारे ने बताया कि एक गर्भवती महिला प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत एएनसी जांच कराने पहुंची थी। जांच के दौरान उसका हीमोग्लोबिन मात्र 06 ग्राम पाया गया, जिसके पश्चात महिला और उसके परिजनों को तत्काल जिला अस्पताल मुंगेली जाकर रक्त चढ़ाने की सलाह दी गई तथा खून की कमी से होने वाले खतरे के बारे में विस्तार से समझाया। ऐसी स्थिति में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ आयुष्मान ऑपरेटर श्री पुष्पकांत सिंह ठाकुर ने आगे बढ़कर मानवता का परिचय दिया और गर्भवती महिला के लिए रक्तदान किया। उनके इस कदम से महिला का उपचार संभव हो सका और सुरक्षित प्रसव की दिशा में राहत मिली। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस मानवीय पहल की सराहना की। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच श्री लक्ष्मीचंद मोहले, स्टॉफ नमर्स श्रीमती विभा एक्का, लैब टेक्नीशियन श्री जितेन्द्र सिंह ठाकुर, एलएचव्ही श्रीमती शमारानी दान, सुपरवाइजर श्री महेन्द्र कश्यप एवं मितानिन श्रीमती उत्तरा यादव मौजूद रही।