सुशासन तिहार में उमड़ा जनविश्वास भोपालपटनम शिविर में समस्याओं के त्वरित समाधान से नागरिकों में उत्साह 68 आवेदन प्राप्त
बीजापुर, 13 मई 2026/sns/- सुशासन तिहार के अंतर्गत नगरीय निकाय क्षेत्र भोपालपटनम में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर जनसहभागिता और प्रशासनिक संवेदनशीलता का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोपालपटनम में आयोजित इस शिविर में सभी वार्डों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर में कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 20 शिकायत संबंधी आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। वहीं शेष मांग संबंधी आवेदनों जिनमें भूमि पट्टा, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना तथा अन्य जनहितकारी विषय शामिल हैं पर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही सक्रिय मौजूदगी- कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रिंकी कोरम, उपाध्यक्ष श्री संतोष बोरे, वार्ड पार्षदगण, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री घनश्याम कामड़े, तहसीलदार भोपालपटनम श्री लक्ष्मण राठिया, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री विकास पाटले, सीडीपीओ श्रीमती कल्पना रथ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला स्तरीय अधिकारियों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीआर पुजारी की उपस्थिति भी विशेष रही। अधिकारियों ने शिविर में उपस्थित नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का भरोसा दिलाया।
विभागीय स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र- शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने हेतु स्टॉल लगाए गए थे। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया और पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान पोस्टर, पाम्पलेट और ब्रोशर वितरित कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। मंच के माध्यम से अधिकारियों ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए लोगों को जागरूक किया।
हितग्राहियों को मिला लाभ, बच्चों का हुआ अन्नप्राशन संस्कार- कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया। इसमें जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 6 माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक और सामाजिक रूप से विशेष बना दिया।
बाल विवाह मुक्त बीजापुर बनाने का लिया संकल्प- कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने बाल विवाह मुक्त बीजापुर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। प्रशासन और नागरिकों की इस सहभागिता को सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।