भव्य श्रमिक सम्मेलन में गूंजा श्रमिक सशक्तिकरण का संदेश*योजनाओं से जोड़कर श्रमिकों को सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन देने पर जोर

*रायपुर, 14 मई 2026/ मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में मनेंद्रगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय भव्य श्रमिक सम्मेलन जनजागरण और कल्याण का प्रभावी मंच बनकर उभरा। डोमनापारा स्थित गोंडवाना समाज भवन में आयोजित इस सम्मेलन में लगभग 600 निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शासन की विभिन्न श्रमिक हितैषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। सम्मेलन में श्रमिकों को योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने और सामाजिक सुरक्षा से आच्छादित करने पर विशेष जोर दिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि शासन श्रमिक परिवारों के जीवन को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने श्रमिकों से श्रम विभाग में पंजीयन कराकर योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि श्रमिक सम्मेलन केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रमिकों को शासन की योजनाओं, अधिकारों और सुविधाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुरक्षा, शिक्षा सहायता, पेंशन, मातृत्व सुरक्षा और आर्थिक सहयोग जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों के भविष्य को सुरक्षित बनाने का कार्य कर रही है।सम्मेलन के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत राम सिंह को 1 लाख रुपये, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना अंतर्गत मालती सिंह को 20 हजार रुपये, मुख्यमंत्री सियान सहायता योजना के तहत कतर सिंह को 20 हजार रुपये, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा योजना के तहत नरेंद्र परस्ते को 45 हजार रुपये तथा मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत मंगली बाई को 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। हितग्राहियों ने योजनाओं से मिल रही सहायता को श्रमिक परिवारों के लिए बड़ी राहत बताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में श्रमिकों को पंजीयन प्रक्रिया, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा सहायता, मातृत्व सुरक्षा एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। सम्मेलन स्थल पर श्रमिकों में जागरूकता, उत्साह और शासन की योजनाओं से जुड़ने की सकारात्मक भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।इस अवसर पर श्रमिक हित में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का मोमेंटो भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविशंकर सिंह, जिला पंचायत सदस्य उजित नारायण सिंह, जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ अध्यक्ष श्रीमती जानकी बाई कुसरो, जनपद सदस्य श्रीमती कविता देवी, सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश गुप्ता, सरपंच श्रीमती मानमती, भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष प्रवीन निशि, असंगठित मजदूर संघ के जिला महामंत्री प्रदीप गुप्ता, श्रम पदाधिकारी सुश्री तनुजा मांझी, श्रम निरीक्षक विनय सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे।यह जिला स्तरीय सम्मेलन श्रमिकों के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हुआ, जिसने श्रमिक वर्ग को शासन की योजनाओं से जोड़कर सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई प्रेरणा दी।

About The Author