प्रगणक के रूप में आपकी भूमिका अभियान की सबसे मजबूत कड़ी कलेक्टर

मुंगेली, 15 मई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जनगणना कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार्ज अधिकारी सहित 60 प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं जनगणना सहायकों को जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 का यह महाअभियान हमारे देश और जिले के भविष्य के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य है। जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अग्रिम पंक्ति में रहकर अपने आबंटित क्षेत्रों में घर-घर जाकर इस कार्य को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण किया है। प्रगणक के रूप में आपकी भूमिका इस पूरे अभियान की सबसे मजबूत कड़ी है। आपके द्वारा जुटाए गए इन सटीक और पारदर्शी डिजिटल आंकड़ों पर ही आगामी दशक में हमारे जिले और राष्ट्र के विकास की नीतियां, योजनाएं और संसाधनों का वितरण निर्भर करेगा। जिले के प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने उत्कृष्ट कार्य कर मिसाल प्रस्तुत की है। कलेक्टर ने नगर पंचायत जरहागांव चार्ज अधिकारी श्री शुभम बख्तानी, जनगणना सहायक श्री विकास साहू, नगर पंचायत सरगांव चार्ज अधिकारी श्री घनश्याम प्रसाद शर्मा, जनगणना सहायक श्री राकेश कौशिक सहित पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी सम्मानित प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और लगन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया, इस दौरान कलेक्टर ने जनगणना कार्य में कोताही बरतने पर जिला सांख्यिकी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

दिव्यांगता जनगणना में नहीं बनी बाधा – कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने अपने अनुभव साझा किए। प्रगणक श्री विजय कुमार निर्मलकर ने बताया कि दिव्यांग होने के बावजूद उन्होंने जनगणना कार्य को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूरा किया। उन्होंने बताया कि बीएलओ और एस.आई.आर में कार्य करने का अनुभव का लाभ जनगणना कार्य में मिला। साथ ही सोशल मीडिया का सहारा लेते हुए उन्होंने जनगणना कार्य को पूरा किया। इसी प्रकार करही के नारायण प्रसाद शुक्ला ने बताया कि उन्होंने नगरीय नक्शा तैयार करने का कार्य लगातार मेहनत कर पूरा किया। कार्यक्रम में नगर पंचायत सरगांव एवं पथरिया के सीएमओ को भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि भीषण गर्मी एवं अन्य चुनौतियों के बावजूद टीम ने निर्धारित अवधि में जनगणना कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया।

93 प्रतिशत से अधिक हुआ गणना कार्य – अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी ने कहा कि जिले में जनगणना कार्य तेजी से पूर्णता की ओर बढ़ रहा है और सभी कर्मचारियों का सहयोग सराहनीय है। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 02 लाख 21 हजार 813 मकानो की गणना कार्य पूर्ण हो चुका है, जो कि जिले में 93.03 प्रतिशत है। नगर पंचायत जरहागांव, पथरिया एवं सरगांव में मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। जिले में अब तक कुल 01 हजार 380 में से कुल 775 प्रगणकों ने अपना कार्य पूर्ण कर लिया गया हैं। प्रगणकों में जिले से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 60 प्रगणक सुपरवाइजर एवं चार्ज अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

About The Author