सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग गंभीर

मुंगेली, 15 मई 2026/sns/- जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे शामिल हुए। समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने एचपीवी वैक्सीन के महत्व, सुरक्षा एवं अभियान की रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य कार्यालय द्वारा जिले को दिए गए लक्ष्य के अनुरूप 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाना है। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी एवं सुरक्षित है।
सीएमएचओ ने स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि अभिभावकों से समन्वय स्थापित कर टीकाकरण को लेकर फैल रही भ्रांतियों और अफवाहों को दूर करें। उन्होंने कहा कि पारा, मोहल्ला एवं ग्राम स्तर पर बैठकें आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाए तथा ऐसी बालिकाएं जिन्होंने 14वां जन्मदिवस पूर्ण कर लिया हो और 15वां जन्मदिवस न मनाया हो, उनका अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराया जाए। बैठक में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय, जिला अस्पताल प्रबंधक सुरभि केशरवानी, खंड चिकित्सा अधिकारी लोरमी डॉ. जी.एस. दाऊ, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित लाल, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, मितानिन कार्यक्रम की जिला समन्वयक ललिता मरावी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन को लेकर फैल रही अफवाहों एवं गलत जानकारियों पर ध्यान न दें। यह वैक्सीन भारत सरकार एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों की वैज्ञानिक सलाह और परीक्षण के बाद संचालित कार्यक्रम का हिस्सा है तथा पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों को निर्धारित आयु में एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। यदि किसी को टीकाकरण संबंधी जानकारी चाहिए तो वे निकटतम स्वास्थ्य केंद्र, आशा कार्यकर्ता या स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण और जागरूकता से सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को काफी हद तक रोका जा सकता है और स्वस्थ समाज निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है।

About The Author