मोदी की गारंटी से बदल रहा छत्तीसगढ़, हर वादा तेजी से हो रहा पूरा — मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव सायरायगढ़वासियों को मिली नई सौगात, मुख्यमंत्री ने ‘सिंदूर पार्क’ का किया लोकार्पण

*हरियाली, पर्यटन और आधुनिक सौंदर्य का अनूठा संगम बनेगा सिंदूर पार्क**450 पेड़ों वाले अर्बन फॉरेस्ट से पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी नई दिशा**रॉकेट की गति से आगे बढ़ रहा रायगढ़ का विकास — वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी**हर तीन महीने में रायगढ़ को मिलेगी विकास कार्यों की नई सौगात*रायगढ़, 17 मई 2026/ सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज रायगढ़ शहर में विकसित ‘सिंदूर पार्क’ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि रायगढ़वासियों के लिए स्वच्छ वातावरण, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने इसे शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए रायगढ़वासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंदूर पार्क रायगढ़वासियों के लिए एक सुंदर और आधुनिक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहां बच्चों, बुजुर्गों और परिवारों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि कभी अव्यवस्थित रहने वाला यह क्षेत्र अब शहर का आकर्षण बन गया है। पार्क में चौपाटी, मनोरंजन क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था, सामाजिक गतिविधियों के लिए स्थान और हरियाली विकसित की गई है, जिससे लोगों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सार्वजनिक सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के लिए वित्त मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री ओ.पी.चौधरी की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए लगातार नए कार्य किए जा रहे हैं और सिंदूर पार्क उसी सोच का परिणाम है। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड और संबंधित अधिकारियों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि लगभग 4 एकड़ 30 डिसमिल क्षेत्र में विकसित यह पार्क शहर के सौंदर्य और नागरिक सुविधाओं को नई पहचान देगा। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी, लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन अनुराग सिंह देव, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, धमतरी के महापौर श्री जगदीश रोहरा, सभापति डिग्री लाल साहू, वार्ड के पार्षद श्री सुरेश गोयल सहित पार्षदगण, श्री अरुणधर दीवान, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विकास केडिया, श्री गुरूपाल भल्ला, श्री अरुण कातोरे श्री पवन शर्मा, श्री आशीष ताम्रकार और बड़ी संख्या में शहर के नागरिकगण मौजूद रहे। इसके साथ मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए हर वादे को तेजी से पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को “मोदी की गारंटी” के रूप में जनता के सामने रखा गया था और सरकार उन सभी गारंटियों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी” और सरकार बिना किसी देरी के योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार मनाया जा रहा है। इसके तहत सरकार गांव-गांव पहुंचकर आम जनता की समस्याएं सुन रही है और योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन कर रही है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांवों में चौपाल लगाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर में शांति और विकास की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र कभी आतंक और भय के कारण विकास से वंचित था, वहां अब तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि रायगढ़ शहर में जहां-जहां बेहतर विकास कार्य किए जा सकते हैं, वहां सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और आशीर्वाद में रायगढ़ के विकास कार्य रॉकेट की गति से” आगे बढ़ रहे हैं। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि जिस स्थान पर आज सिंदूर पार्क बना है, वहां पहले गंदगी, अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों की स्थिति बनी रहती थी। इतवारी बाजार क्षेत्र में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और आसपास रहने वाले नागरिक लंबे समय से यहां बेहतर विकास की मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि लगभग 9 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से इस परियोजना को विकसित किया गया, जिसके माध्यम से पूरे क्षेत्र को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप दिया गया है। पार्क में प्रवेश के साथ ही विशाल पार्किंग व्यवस्था विकसित की गई है ताकि लोगों को वाहनों की पार्किंग में परेशानी न हो। इसके साथ ही आसपास की सड़कों का चौड़ीकरण भी किया गया है ताकि मोहल्लेवासियों को सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि यहां एक आधुनिक फूड कोर्ट भी तैयार किया जा रहा है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया जारी है। यह क्षेत्र आने वाले समय में रायगढ़ का प्रमुख पारिवारिक और मनोरंजन केंद्र बनेगा। सिंदूर पार्क में पहली बार “स्टैंप कंक्रीट” तकनीक का उपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि यह टाइल्स की तुलना में अधिक मजबूत, आकर्षक और टिकाऊ होता है तथा लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बना रहता है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता के लिए हाउसिंग बोर्ड और इंजीनियरों की सराहना भी की। वित्त मंत्री ने कहा कि पार्क परिसर में यादव समाज और देशभक्ति की भावना से जुड़ा “रेजांगला स्मारक” भी बनाया गया है। यह स्मारक वीर सैनिकों की शौर्यगाथा और बलिदान की याद दिलाएगा। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा थी कि पहलगाम की घटना के बाद देश की वीर सेना द्वारा आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए “ऑपरेशन सिंदूर” की स्मृति को स्थायी रूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारतीय सेना की वीरता को सम्मान देने के उद्देश्य से इस पार्क का नाम “सिंदूर पार्क” रखा गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की इच्छा थी कि ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ तक इस पार्क का निर्माण पूर्ण कर उसका लोकार्पण किया जाए, जिसे समय पर पूरा किया गया। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में रायगढ़ में लगातार बड़े विकास कार्य किए जाएंगे और हर दो-तीन महीने में किसी न किसी महत्वपूर्ण परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रायगढ़ को आधुनिक, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के संकल्प के साथ सरकार लगातार कार्य कर रही है। हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि यह पार्क मात्र 10 महीने के रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार हुआ है। इस द्रुत गति और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए उन्होंने हाउसिंग बोर्ड के इंजीनियर्स व संबंधित अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।” कार्यक्रम के समापन में अतिथियों को स्मृतिचिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया और आभार व्यक्त किया गया।*अर्बन फॉरेस्ट के रूप में विकसित होगा सिंदूर पार्क* उल्लेखनीय है कि सिंदूर पार्क का सबसे प्रमुख आकर्षण यहां विकसित किया गया विशाल हरित क्षेत्र है। पार्क में कदम सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 450 बड़े पेड़ लगाए गए हैं। आने वाले तीन से चार वर्षों में यह क्षेत्र एक समृद्ध “अर्बन फॉरेस्ट” के रूप में विकसित होगा, जो शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण, हरियाली और भरपूर ऑक्सीजन उपलब्ध कराएगा। विशेष बात यह है कि पार्क निर्माण के दौरान पुराने पेड़ों को पूरी तरह संरक्षित रखा गया है और एक भी पेड़ नहीं काटा गया। पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं के संतुलित समावेश के साथ विकसित इस पार्क में चिल्ड्रन प्ले एरिया, ओपन एयर जिम, पगोडा, आकर्षक पाथवे तथा ओपन एयर थिएटर जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। पार्क में निर्मित ओपन एयर थिएटर को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि शहर के युवा, कलाकार एवं सामाजिक संगठन यहां कम खर्च में सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत संध्या, कला प्रदर्शन और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन कर सकें।

About The Author