माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर जागरूकता सुशासन तिहार शिविर में महिलाओं और किशोरियों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी


बीजापुर, 21 मई 2026/sns/- सुशासन तिहार शिविर के अंतर्गत आज नगरीय निकाय सांस्कृतिक भवन, बीजापुर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदगण, तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), नगरीय निकाय के अधिकारी-कर्मचारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management) के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग एवं निपटान, संक्रमण से बचाव तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही माहवारी से जुड़े सामाजिक मिथकों एवं भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा निम्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई- बाल विवाह रोकथाम हेतु सामूहिक शपथ दिलाई गई। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी दी गई। महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का प्रचार-प्रसार किया गया। नोनी सुरक्षा योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना की जानकारी दी गई। कुपोषण मुक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत संतुलित पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए गए। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान संचालित किया गया। जरूरतमंद बच्चों के लिए स्पॉन्सरशिप योजना की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को कुपोषण, बाल विवाह एवं महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर जागरूक करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

About The Author