सुशासन तिहार में कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने सुनी आमजन की समस्याएं त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
कवर्धा, 22 मई 2026/sns/-सुशासन तिहार के तहत कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने नगर पंचायत इंदौरी में पहुंचकर शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का संज्ञान लेते हुए त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत हेल्थ कार्ड निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों के शत-प्रतिशत कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने वय वंदन योजना के तहत भी लक्षित हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने और सभी पात्र नागरिकों के कार्ड निर्माण में तेजी लाने को कहा।
कलेक्टर ने अन्य विभागीय स्टॉलों में पहुंचकर अधिकारियों से पूछा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक किस प्रकार पहुंचाई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं की स्पष्ट और सरल जानकारी दी जाए ताकि अधिक से अधिक नागरिक शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों को चिन्हित करते हुए जिन समस्याओं का निराकरण स्थानीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल समाधान किया जाए। वहीं अन्य आवेदनों को बिना विलंब संबंधित कार्यालयों तक भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।