मोबाइल फॉरेंसिक वैन का होगा शुभारंभ वैज्ञानिक जांच को मिलेगी नई गति
कवर्धा, 22 मई 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री श्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से कबीरधाम जिले को आधुनिक “सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट” अंतर्गत मोबाइल फॉरेंसिक वैन की महत्वपूर्ण सौगात मिली है। क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला कवर्धा एवं जिला पुलिस कबीरधाम के संयुक्त तत्वावधान में मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ 23 मई 2026, शनिवार को सुबह 11 बजे क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला परिसर, जनपद कॉम्पलेक्स, कवर्धा में किया जाएगा। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन गृह (पुलिस) विभाग द्वारा प्रदत्त यह अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वाहन घटनास्थल पर वैज्ञानिक जांच, भौतिक साक्ष्य संग्रहण एवं त्वरित परीक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे अपराध अनुसंधान प्रक्रिया को गति मिलेगी तथा न्यायिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा प्रदेश में आधुनिक पुलिसिंग एवं वैज्ञानिक अनुसंधान व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कबीरधाम जिले को यह मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है, जिससे जिले में अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता और दक्षता में सुधार होगा। मोबाइल फॉरेंसिक वैन के माध्यम से घटनास्थल पर ही आवश्यक वैज्ञानिक परीक्षण एवं साक्ष्य संकलन कार्य किया जा सकेगा। इससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और अपराधों के त्वरित निराकरण में सहायता मिलेगी। यह पहल “न्याय की ओर एक सशक्त कदम” साबित होगी।