सुशासन तिहार आयुष्मान कार्ड बनने से सविता बैगा को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा

मुंगेली, 22 मई 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जिले में आयोजित सुशासन तिहार अब आमजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए जा रहे समाधान शिविर ग्रामीणों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभर रहे हैं। इसी कड़ी में लोरमी विकासखण्ड के ग्राम सारसडोल निवासी सविता बैगा का आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ प्रदान किया गया। सविता बैगा आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से संबंध रखती हैं। आयुष्मान कार्ड नहीं होने के कारण बीमारी की स्थिति में बेहतर इलाज को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी।
समाधान शिविर में आवेदन देने के बाद उनका आयुष्मान कार्ड तत्काल बनाकर प्रदान किया गया, जिससे अब उन्हें शासन की आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी। आयुष्मान कार्ड मिलने के बाद सविता बैगा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब गंभीर बीमारी की स्थिति में इलाज को लेकर चिंता नहीं रहेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की यह पहल गरीब परिवारों के लिए बहुत बड़ी राहत है। जिला प्रशासन द्वारा सुशासन तिहार के माध्यम से लगातार पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ्य, आवास, पेंशन, राशन कार्ड और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाकर शासन की संवेदनशीलता का परिचय दिया जा रहा है।

About The Author