राज्य पोषित समेकित उद्यानिकी विकास योजना
मुंगेली, 22 मई 2026/sns/- जिले में बहुवर्षीय फल-पौधों के रोपण के लिए प्रोत्साहित करने राज्य पोषित समेकित उद्यानिकी विकास योजना का संचालन किया जा रहा है। उद्यानिकी विभाग की सहायक संचालक बताया कि योजना के अंतर्गत फल पौध रोपण हेतु विभिन्न घटकों में अनुदान का प्रावधान किया गया है। फल पौध रोपण के लिए प्रति इकाई लागत राशि 43 हजार 750 रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें 25 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा। वहीं जिन किसानों के खेतों में सुरक्षा हेतु फेंसिंग कार्य के लिए 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। योजना के तहत सिंचाई सुविधा उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में किसानों को बोरवेल खनन एवं पंप प्रतिस्थापन के लिए भी आर्थिक सहायता मिलेगी।
सामान्य वर्ग के किसानों को 25 हजार रुपये, अन्य पिछड़ा वर्ग को 35 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों को 43 हजार रुपये तक अनुदान देने का प्रावधान रखा गया है। इसी तरह अंतरवर्तीय फसल के रूप में सब्जी फसलों के रोपण को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए प्रति हेक्टेयर 30 हजार रुपये की इकाई लागत पर शत-प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। प्रत्येक हितग्राही समूह को न्यूनतम एक हेक्टेयर तथा अधिकतम दो हेक्टेयर क्षेत्र तक योजना का लाभ दिया जाएगा। इच्छुक किसान उद्यान विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर आवेदन जमा कर सकते हैं। जिले के इच्छुक किसान योजना का लाभ लेने उद्यान अधीक्षक शासकीय उद्यान रोपणी बाघामुड़ा, सारधा एवं सेन्दरी तथा 9406126321, 8085589883 एवं 8269257316 में संपर्क कर आवेदन जमा कर सकते हैं।