सरगुजा 30 में निःशुल्क अध्ययन हेतु प्रवेश परीक्षा सम्पन्न 188 मेधावी विद्यार्थी हुए शामिल

अम्बिकापुर, 23 मई 2026/sns/-   कलेक्टर श्री अजीत बसंत के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश झा के मार्गदर्शन में आज दिनांक 23 मई 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर में “सरगुजा 30” के अंतर्गत निःशुल्क अध्ययन हेतु प्रवेश परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस परीक्षा में जिले के समस्त विकासखण्डों एवं दूरस्थ ग्रामीण-वनांचल क्षेत्रों से पहुंचे कुल 188 मेधावी छात्र-छात्राओं ने कक्षा 9वीं, 10वीं एवं 12वीं (गणित एवं जीव विज्ञान संकाय) में प्रवेश हेतु सहभागिता की। विद्यार्थियों के लिए उच्च मानक के बहुविकल्पीय प्रश्नपत्र जिले के वरिष्ठ विषय विशेषज्ञ शिक्षाविदों द्वारा तैयार किए गए थे। परीक्षा में कुल 150 प्रश्न निर्धारित समयावधि 3 घंटे में हल करने थे तथा गलत उत्तरों के लिए ऋणात्मक अंक का भी प्रावधान रखा गया था।

उल्लेखनीय है कि “सरगुजा 30” विगत तीन वर्षों से संचालित एक महत्वाकांक्षी शैक्षणिक पहल है, जिसके अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को संभाग के ऐतिहासिक शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर परिसर में निःशुल्क अध्ययन-अध्यापन की सुविधा प्रदान की जाती है। विद्यार्थियों के लिए जिला खनिज न्यास मद से पृथक छात्रावास एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की समर्पित टीम द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य कराया जाता है। प्रवेश हेतु यह अनिवार्य किया गया है कि विद्यार्थी सरगुजा जिले के शासकीय हाईस्कूल अथवा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत हों।
परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के रूप में प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरगंवा, प्राचार्य हाईस्कूल सेदम, प्राचार्य हाईस्कूल अजिरमा, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कत्तकालो, प्राचार्य हाईस्कूल डूमरडीह, प्राचार्य शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर सहित सरगुजा 30 के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ए.पी.सी. समग्र शिक्षा (माध्यमिक) की सक्रिय सहभागिता रही।

About The Author