सुशासन तिहार में पीएम आवास से हुआ मानसाय का सपना साकार अब कच्चे नहीं पक्के मकान में कर रहे निवास
अम्बिकापुर, 23 मई 2026/sns/- राज्य भर में मनाए जा रहे ’सुशासन तिहार’ के अंतर्गत गरीब और जरूरतमंद परिवारों के पक्के आवास का सपना साकार हो रहा है। जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम पूहपुटरा के रहने वाले मानसाय के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एक बड़ी सौगात लेकर आई है। कभी कच्चे घर की दिक्कतों का सामना करने वाले मानसाय अब अपने सपनो के पक्के घर में सपरिवार आराम से जीवन यापन कर रहे हैं। सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान उन्हें उनके नए आवास की चाबी और पूर्णता प्रमाण पत्र भी सौंपा गया।
आर्थिक तंगी के बावजूद पूरा हुआ सपना
मानसाय का हमेशा से यह सपना था कि उनका भी अपना एक पक्का घर हो। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे चाहकर भी पक्का मकान नहीं बना पा रहे थे। प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनकी इस बड़ी चिंता को दूर कर दिया और आज उनका खुद का पक्का मकान बनकर तैयार है, जिसमें वे निवास कर रहे हैं। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, इस सुशासन तिहार में मुझे प्रधानमंत्री आवास की चाबी और प्रमाण पत्र मिला है। पहले मैं कच्चे घर में रहता था, जिससे मुझे बहुत परेशानी होती थी, लेकिन अब पक्के घर में रहूंगा, जिससे मुझे बहुत ही आराम मिल रहा है।
उन्होंने कहा हमारा सपना था कि हम भी पक्का घर बनाएं, लेकिन आर्थिक मजबूरी के कारण मैं पक्का घर नहीं बना पा रहा था। सरकार की तरफ से पीएम आवास मिलने के कारण मैं अब पक्का घर बना लिया हूँ और इसमें निवास कर रहा हूँ।अपने पक्के घर की सौगात पाकर मानसाय ने राज्य सरकार के मुखिया श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
योजनाओं से आ रहा जीवन में सकारात्मक बदलाव
मानसाय की यह कहानी इस बात का जीवंत प्रमाण है कि शासन की योजनाएं किस प्रकार जमीनी स्तर पर गरीब और वंचित वर्गों के जीवन में सीधा बदलाव ला रही हैं। श्सुशासन तिहारश् के माध्यम से न केवल हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, बल्कि उनके चेहरों पर मुस्कान भी आ रही है।