सुशासन तिहार शिविर में पंचायत दर्पण क्यूआर कोड बना आकर्षण का केंद्र
अम्बिकापुर ,26 मई 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत सरगुजा जिले में लगाए जा रहे समाधान शिविरों में डिजिटल पारदर्शिता की अभिनव पहल देखने को मिल रही है। समाधान शिविरों में क्लस्टर अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों के ‘पंचायत दर्पण’ क्यूआर कोड का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को मनरेगा के विकास कार्यों की जानकारी आसानी से प्राप्त हो रही है।
कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित शिविरों में ग्रामीण अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन कर पंचायतों की मनरेगा अंतर्गत विकास कार्यों तथा मनरेगा संबंधी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से पंचायत स्तर पर संचालित गतिविधियों की जानकारी कुछ ही क्षणों में उपलब्ध होने से ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है।
ग्रामीण बड़ी उत्सुकता के साथ ‘पंचायत दर्पण’ क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी पंचायतों की जानकारी देख रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में पारदर्शिता एवं सुशासन को सशक्त बनाने वाला प्रभावी नवाचार बताया। विशेष रूप से मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ शासन की मंशानुसार ‘पंचायत दर्पण’ जैसी डिजिटल पहल से आम नागरिकों मनरेगा के विकास कार्यों की जानकारी सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगी, जिससे प्रशासन की पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनभागीदारी और अधिक सुदृढ़ होगी।