सुशासन तिहार नगर पंचायत बरेला में समाधान शिविर का हुआ आयोजन
मुंगेली, 26 मई 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर पंचायत बरेला में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए और विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों के आवेदन प्रस्तुत किए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत सामग्री वितरण कर लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री मोहले ने कहा कि सुशासन के संकल्प के साथ शासन की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए खुड़िया से पानी लाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। शासन द्वारा पानी, बिजली सहित सभी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने आमजनों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, जल संरक्षण और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बरेला नगर पंचायत क्षेत्र में सर्वाधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत होने पर खुशी जाहिर की और नगर पंचायत सीएमओ की प्रशंसा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। गुणवत्ता में कमी आने से शासन की छवि प्रभावित होती है, इसलिए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने पुलिस एवं आबकारी विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि अवैध शराब, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों पर संयुक्त कार्रवाई कर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पार्षदों से वार्डों की समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके त्वरित समाधान का आश्वासन भी दिया।
कलेक्टर ने जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि पानी बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजनों से पानी का दुरुपयोग नहीं करने की अपील की और कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण बेहद आवश्यक है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष बरेला क्षेत्र के विद्यार्थियों ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। डिजिटल युग में मोबाइल और सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग कर युवा आगे बढ़ सकते हैं और आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
नगर पंचायत बरेला के सीएमओ श्री नरेश महीश ने बताया कि शासन की स्वीकृति के बाद नगर में लाइटिंग, नाली निर्माण एवं साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष श्री नरेश पटेल ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में नगर ने उल्लेखनीय प्रगति की है तथा दो करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं। साथ ही अन्य विकास कार्यों के लिए भी स्वीकृति प्राप्त हो गई है, जिससे बरेला में विकास कार्य कराए जाएंगे। कार्यक्रम में हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड, आभा कार्ड, नोनी सुरक्षा योजना प्रमाण पत्र, मत्स्य जाल, किसानों को अरहर मिनी किट व केसीसी चेक, श्रम कार्ड, राशनकार्ड, कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज, अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।