जनदर्शन: एडीएम ने सुनी आमजनों की मांगें एवं समस्याएं
मुंगेली, 26 मई 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ सक्रिय नजर आया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने जिलेभर से पहुंचे आमजनों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में मुंगेली, पथरिया और लोरमी विकासखंड से 145 से अधिक नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। एडीएम ने प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर समस्याओं की वस्तुस्थिति जानी और विभागवार अधिकारियों को समय-सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम छटन के केजाराम साहू ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, ग्राम झोंका के मनीष ने राशन कार्ड से नाम कटवाने, ग्राम बरमपुर के कीर्तन कुर्रे ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ दिलाने, नगर पालिका क्षेत्र के संजू जायसवाल ने आधार कार्ड में नाम संशोधन कराने, तेलियापुरान के जयकुमार साहू ने पत्नी का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने तथा ग्राम जगताकापा की दुखनी ने जमीन सीमांकन की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार ग्राम झोंका की रिंकी ने महतारी वंदन योजना का लाभ दिलाने, ग्राम कोदवाबानी के राजकुमार ने नाली निर्माण, ग्राम भुरका के संजय नट ने जाति प्रमाण पत्र जारी कराने, ग्राम कुआंगांव के पुनीतराम ने खेत से ट्रांसफार्मर हटाकर अन्य स्थान पर स्थापित कराने तथा ग्राम अमोरा के ग्रामीणों ने नल-जल योजना के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग रखी। एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजनों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि लोगों को राहत मिल सके। जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।