राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत जीपीडीपी प्रशिक्षण सम्पन्न
सुकमा, 30 मई 2026/sns/- राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान अंतर्गत जिला पंचायत संसाधन केंद्र, सुकमा में 29 मई 2026 को पंचायत डेवलपमेंट प्लान विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में 16वें वित्त आयोग अंतर्गत वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत के उपसंचालक पंचायत श्री नारद कुमार मांझी एवं आरजीएसए योजना के जिला समन्वयक श्री किशोर देशमुख ने मास्टर ट्रेनर्स को योजनाओं के समन्वय और ग्राम विकास की प्राथमिकताओं को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण में ब्लॉक स्तर के सीईओ जनपद, बीईओ एजुकेशन, बीएमओ हेल्थ, एसडीओ आरईएस सहित बिहान, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर एवं विकासोन्मुख बनाने के लिए सभी विभागीय योजनाओं के समन्वय से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान सचिवों एवं सरपंचों को ग्रामीण आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण जीपीडीपी तैयार करने के लिए प्रेरित करने की रणनीति भी साझा की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में यह निर्देश दिए गए कि 1 से 16 जून के बीच ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों के मैदानी अमले को व्यापक एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि मजबूत पंचायत विकास योजना ही गांवों के समग्र विकास की आधारशिला बनेगी। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थय, स्वच्छता एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को नई गति मिलने की उम्मीद है।