पंचायत विकास को नई मजबूती पीडीपी एवं पीएआई पर ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण संपन्न

मुंगेली, 30 मई 2026/sns/- जिले में पंचायतों को विकास की नई दिशा देने और ग्राम स्तर पर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत संसाधन केंद्र धरमपुरा के सभाकक्ष में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय के निर्देशानुसार उप संचालक पंचायत श्री एल. के. कौशिक ने पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया, ग्राम पंचायतों के समग्र विकास के मानक, पंचायत उन्नति सूचकांक के विभिन्न आयामों तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उप संचालक पंचायत श्री एल. के. कौशिक ने कहा कि पंचायत विकास योजना और पंचायत उन्नति सूचकांक ग्राम पंचायतों के सर्वांगीण विकास के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं, सामाजिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को विकासखंड स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं, ताकि पंचायतों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाया जा सके। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को पंचायतों की विकास योजनाओं को जमीनी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने, विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य करने तथा शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुंगेली, लोरमी और पथरिया विकासखंड के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

About The Author