कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई

राजनांदगांव, 01 मई 2026/sns/- कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी एवं संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजनांदगांव तहसील के ग्राम पदुमतरा निवासी आवेदिका खोरबहारिन की भूमि संबंधी समस्या का समाधान किया गया। कलेक्टर जनदर्शन में आवेदिका खोरबहारिन ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी निजी भूमि का सीमांकन कार्य जनवरी 2026 में पूर्ण कर लिया गया था, किंतु सीमांकन के दौरान उन्हें भूमि की लंबाई-चौड़ाई एवं चारों दिशाओं के आयामों की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई थी। इस संबंध में उन्होंने कई बार आवेदन किया, लेकिन उन्हें भूमि के वास्तविक आयामों की जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग की टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए। निर्देशों के परिपालन में राजस्व अधिकारियों द्वारा आवेदिका की उपस्थिति में पुन: स्थल पर सीमांकन की कार्रवाई की गई तथा भूमि का सत्यापन किया गया। सीमांकन उपरांत तैयार की गई रिपोर्ट में भूमि की चारों दिशाओं के आयाम एवं आवश्यक विवरण स्पष्ट रूप से अंकित किए गए। इसके साथ ही सीमांकन प्रतिवेदन की प्रति आवेदिका को उपलब्ध कराई गई, जिससे उनकी लंबे समय से लंबित समस्या का निराकरण हो सका। आवेदिका ने समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन द्वारा जनदर्शन के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण कर नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

About The Author