पर्याप्त खाद मिलने से बढ़ा किसान का आत्मविश्वास बेहतर उत्पादन की उम्मीद

मुंगेली, 02 जून 2026/sns/- किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने की शासन की पहल का सकारात्मक प्रभाव अब खेतों में दिखाई देने लगा है। लोरमी विकासखण्ड के ग्राम करूहानार के किसान लखनलाल जायसवाल भी उन किसानों में शामिल हैं, जिन्हें सहकारी समिति के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध होने से खेती-किसानी में बड़ी राहत मिली है। किसान लखनलाल जायसवाल ने बताया कि वे अपने खेतों में धान, चना और गेहूं की खेती करते हैं। पूर्व वर्षों में कई बार खाद की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन इस वर्ष सहकारी समिति से समय पर और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक मिलने से खेती की तैयारी सुचारू रूप से हो रही है। इससे उन्हें आगामी फसल सीजन में बेहतर उत्पादन की उम्मीद है।
किसान श्री जायसवाल ने कहा कि कृषि कार्यों में उर्वरक की समय पर उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। सहकारी समिति के माध्यम से बिना किसी परेशानी के खाद मिलने से किसानों का समय और श्रम दोनों बच रहा है। उन्होंने बताया कि अब वे पूरे आत्मविश्वास के साथ खरीफ सीजन की तैयारी कर रहे हैं। श्री जायसवाल ने कहा कि शासन द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खाद वितरण की बेहतर व्यवस्था की गई है, जिसका लाभ सीधे किसानों को मिल रहा है। इससे खेती की लागत नियंत्रित रखने और उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के हित में संचालित योजनाएं और कृषि सुविधाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

About The Author