वर्षा ऋतु में भी निर्बाध मिलेगा राशन

मुंगेली, 03 जून 2026/sns/- वर्षा ऋतु के दौरान जिले के दुर्गम एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों के हितग्राहियों को खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अग्रिम तैयारी पूरी कर ली गई है। खाद्य शाखा द्वारा लोरमी विकासखण्ड के सभी 09 पहुंचविहीन क्षेत्रों में आगामी चार माह (जून 2026 से सितंबर 2026) के लिए खाद्यान्न एवं आवश्यक उपभोक्ता सामग्रियों का शत-प्रतिशत भंडारण कर लिया गया है।
खाद्य अधिकारी श्री पंकज सेतपाल ने बताया कि सुरही, निवासखार, अचानकमार, लमनी, कटामी, बिजराकछार, बोईरहा, झिरिया तथा महामाई सहित कुल 09 पहुंचविहीन क्षेत्रों की उचित मूल्य दुकानों में निर्धारित आवंटन के अनुसार चावल, शक्कर और नमक का भंडारण 31 मई 2026 तक पूर्ण कर लिया गया है। जिला प्रशासन की इस पहल से वर्षा ऋतु के दौरान मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में भी सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत हितग्राहियों को नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सकेगा। खाद्य अधिकारी ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को समय पर राशन उपलब्ध कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली गई हैं। यह अग्रिम भंडारण व्यवस्था न केवल खाद्य सुरक्षा को मजबूत करेगी, बल्कि दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवारों को मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से भी राहत दिलाएगी।

About The Author