मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका एवं उप स्वास्थ्य केंद्र सोनतराई का किया औचक निरीक्षण

अम्बिकापुर, 04 जून 2026/sns/-  मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पी.एस.मार्को ने बुधवार को विकासखंड उदयपुर अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका एवं उप स्वास्थ्य केंद्र सोनतराई का औचक निरीक्षण किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका में निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखने निर्देश दिए। उन्होंने एपीवी वैक्सीनेशन कार्य, लंबित आयुष्मान कार्ड निर्माण, आधार आधारित उपस्थिति दर्ज कराने तथा निर्धारित समय पर सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दवाइयों के पर्याप्त भंडारण की जानकारी ली तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी एवं सिकल सेल मरीजों की जांच संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी एवं सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने तथा मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान तीन कर्मचारी लंबे समय से अनुपस्थित पाए गए, जिनमें फार्मासिस्ट अर्जुन सिंह, फूलमतिया वार्ड आया तथा हिमेंद्र सिंह शामिल हैं। निरीक्षण के क्रम में उप स्वास्थ्य केंद्र सोनतराई का भी निरीक्षण किया गया, जहां एमपीडब्ल्यू महेंद्र सिंह लगभग एक माह से अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

About The Author