स्वच्छ गाँव सुरक्षित जलवायु अभियान से बढ़ रही जनभागीदारी
मुंगेली, 05 जून 2026/sns/- जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “स्वच्छ गाँव, सुरक्षित जलवायु” अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में अभियान के तहत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई। इसी कड़ी में मुंगेली विकासखंड के ग्राम सेमरचुआ में जागरूकता कार्यक्रम एवं चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति प्रेरित किया गया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री कमल प्रसाद कंवर ने चौपाल में ग्रामीणों को जल संरक्षण के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। चौपाल में वर्षा जल संचयन, भू-जल पुनर्भरण, सोकपिट निर्माण, जल गुणवत्ता निगरानी तथा सुरक्षित पेयजल के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में ग्राम के कुएं, तालाब, झिरियों एवं अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया। साथ ही ग्रामीणों को जल स्रोतों के चिन्हांकन एवं संरक्षण के लिए सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
चौपाल के दौरान पर्यावरणीय स्थिरता, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर संवाद आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। ग्रामीणों ने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा स्वच्छ और हरित ग्राम के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को बताया गया कि जल संरक्षण केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी जिम्मेदारी है। सामुदायिक सहयोग और जनभागीदारी से ही जल संकट की संभावित चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव है। “स्वच्छ गाँव, सुरक्षित जलवायु” अभियान के माध्यम से जिले में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और स्वच्छता के प्रति सकारात्मक माहौल निर्मित हो रहा है, जो सतत विकास और जल सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।