लंबित प्रकरणों के निराकरण पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान समय पर निराकरण नहीं करने पर होगी जवाबदेही तय

सुकमा, 10 मई 2026/sns/-जिले में आम जनता की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है। कलेक्टर श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा (टीएल) की उच्च स्तरीय बैठक में शासन की मंशा के अनुरूप सुशासन को धरातल पर उतारने के लिए कड़े कदम उठाए गए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर जनता के काम पूरे किए जाएं और ऐसा न होने पर संबंधित अधिकारी की सीधे जवाबदेही तय की जाएगी। ग्रामीणों और किसानों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए मैदानी अमले को विशेष रूप से सक्रिय किया जा रहा है। सुशासन तिहार के शिविरों में मिले आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने राजस्व विभाग के अमले जैसे पटवारी, आरआई, तहसीलदार और एसडीएम को सीधे जनता के बीच जाकर समस्याओं को सुनने के निर्देश दिए हैं। भूमि सीमांकन, विवादित-अविवादित नामांतरण और वनाधिकार पट्टों जैसे संवेदनशील मामलों का निपटारा अब अंतर-विभागीय समन्वय बनाकर मिशन मोड में किया जाएगा, ताकि व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और जन-हितैषी बनी रहे।आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए प्रशासन ने किसानों की सहूलियत के लिए अग्रिम और पुख्ता तैयारियां शुरू कर दी हैं। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सहकारी समितियों में खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि खेती-किसानी के समय अन्नदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही, जिले के किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के लिए उन्हें दलहन और तिलहन फसलों के उत्पादन के लिए प्रेरित करने की एक दूरदर्शी कार्ययोजना पर भी काम शुरू किया गया है।
आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता में शामिल किया गया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में खराब हैंडपंपों की त्वरित मरम्मत करने और पेयजल संकट का तत्काल समाधान खोजने का जिम्मा सौंपा गया है, जिसके लिए ग्राम पंचायत सचिवों से सीधे जमीनी रिपोर्ट ली जा रही है। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन के द्वारा दूरस्थ अंचलों तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के लिए जनसंपर्क माध्यमों और सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में वंचित न रहे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर सहित सभी प्रमुख अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

About The Author