अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस 26 जून कोन शामुक्त समाज के निर्माण हेतु सभी विभागों को समन्वित अभियान चलाने के निर्देश

बीजापुर, 12 जून 2026/sns/- नशापान की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण तथा समाज में नशामुक्ति के पक्ष में सकारात्मक वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य से आगामी 26 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नशापान की रोकथाम के लिए समुदाय में जागरूकता सृजित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, जनसंपर्क, पंचायत, आबकारी तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर गठित भारत माता वाहिनी के माध्यम से नशामुक्ति संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के दौरान नशा पीड़ित व्यक्तियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उन्हें नशापान के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी तथा नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के तहत सोशल मीडिया पर प्रेरक स्लोगन, संदेश एवं चित्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही योगाचार्यों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित कर योग के माध्यम से नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। विद्यार्थियों में नशापान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशे के दुष्परिणामों पर आधारित निबंध, भाषण, चित्रकला, वाद-विवाद एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न समारोह स्थलों पर प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा नशामुक्ति संबंधी साहित्य का वितरण भी किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी विभागों एवं आम नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

About The Author