नगर सेना और अग्निशमन विभाग में अनुपयोगी सामानों की खुली नीलामी 17 जून को

जगदलपुर, 15 जून 2026/sns/- बस्तर जिले के जगदलपुर स्थित नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा राज्य आपदा मोचन बल कार्यालय द्वारा नीलामी सूचना जारी की गई है। विभाग के अंतर्गत बेकार और अनुपयोगी घोषित हो चुके भंडार सामग्रियों को बेचने के लिए खुली नीलामी का आयोजन किया जा रहा है। यह नीलामी बुधवार 17 जून को सुबह 11 बजे से हाटकचोरा स्थित होमगार्ड्स कार्यालय परिसर में होगी।

इस नीलामी में होमगार्ड जवानों की वर्दी से जुड़ी सामग्रियां जैसे पैंट, कमीज, टोपी, जूते, मोजे, कम्बल, दरी, बेल्ट, मच्छरदानी, बरसाती, ग्रेटकोट, जर्सी, किट बॉक्स और बैच आदि शामिल हैं। यह सभी सामान अलग-अलग न बेचकर एक ही लॉट (इकट्ठे) में नीलाम किए जाएंगे। जो भी लोग इन सामग्रियों को देखना चाहते हैं, वे नीलामी की तारीख से एक दिन पहले कार्यालय आकर इन्हें देख सकते हैं।

नीलामी में भाग लेने के लिए विभाग ने कुछ जरूरी शर्तें रखी हैं। हर खरीदार को बोली लगाने से पहले एक हजार रुपये की राशि नकद सुरक्षा निधि के रूप में जमा करनी होगी। जिन लोगों की बोली मंजूर नहीं होगी, उन्हें उनके पैसे तुरंत वापस कर दिए जाएंगे। जिस खरीदार की बोली सबसे ऊंची होगी और अधिकारी द्वारा स्वीकार कर ली जाएगी, उसे उसी दिन पूरी रकम जमा करके सारा सामान वहां से उठाना होगा। यह सामान जहां है, जैसा है की स्थिति में ही बेचा जाएगा और बोली को स्वीकार या अस्वीकार करने का पूरा अधिकार नीलामी कमेटी के पास होगा।

About The Author