मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की घोषणा पर त्वरित अमल
अम्बिकापुर, 15 जून 2026/sns/- सुशासन तिहार के दौरान आमजन की समस्याओं एवं मांगों के त्वरित निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सरगुजा प्रवास के दौरान बतौली विकासखंड के ग्राम पंचायत सिलमा के शांतिपारा में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां मुख्यमंत्री के द्वारा ग्रामीणों की मांगो पर की गई घोषणाओं को स्वीकृति मिल गई है
विगत 03 मई 2026 को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलमा पहुंचे थे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर विभिन्न घोषणाएं कीं थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने घोषणा को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। घोषणाओं के अनुरूप ग्राम सिलमा में नवीन पंचायत भवन डीएमएफ एवं मनरेगा के अभिसरण से 18.30 लाख रुपए की लागत से, मुक्तिधाम डीएमएफ से 2.50 लाख रुपए की लागत से, नवीन पीडीएस भवन मनरेगा से 11.63 लाख रुपए की लागत से स्वीकृति मिली है। वहीं ग्राम कुनकुरीकला में नवीन पंचायत भवन डीएमएफ एवं मनरेगा के अभिसरण से 18.30 लाख रुपए से स्वीकृत हुआ है। स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी-खुशी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन द्वारा सुशासन तिहार के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं एवं मांगों के निराकरण हेतु लगातार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, जिससे शासन की योजनाओं और घोषणाओं का लाभ सीधे आमजन तक समय पर पहुंच सके।