नीट 2026 के लिए नवोदय विद्यालय तैयार 263 अभ्यर्थी होंगे शामिल कलेक्टर श्री विश्वदीप

बीजापुर, 17 जून 2026/sns/- जिले में 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिले के नवोदय विद्यालय, बीजापुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां कुल 263 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए कलेक्टर श्री विश्वदीप, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार झा नवोदय विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की जांच व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर श्री उत्तम सिंह पंचारी ने बताया कि जिले के कुल 263 अभ्यर्थी नीट-2026 परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचें तथा प्रवेश पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं। साथ ही परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अनुशासन बनाए रखें।
इस दौरान एडिशनल एसपी श्री यूलैंडन यार्क, नोडल अधिकारी सुरक्षा श्री शरद कुमार जायसवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि नीट-2026 परीक्षा पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो, ताकि अभ्यर्थी बिना किसी बाधा के अपने सपनों की उड़ान भर सकें।

About The Author