निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग एवं रतनपुर बाईपास का सचिव मुकेश बंसल ने किया निरीक्षण

बिलासपुर, 17 जून 2026/sns/- लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश बंसल ने आज बिलासपुर जिले में निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ लोक निर्माण विभाग के ईएनसी श्री वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता श्री आर.के. रात्रे, मुख्य अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग श्री ज्ञानेश्वर कश्यप, मुख्य अभियंता ई एंड एम श्री जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता श्री के.पी. संत एवं श्री एन.के. लाल सहित विभागीय अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान सचिव श्री बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्ग डिवीजन द्वारा रतनपुर से कबीर चौरा तक निर्मित की जा रही सड़क का अवलोकन किया। लगभग 510 करोड़ रुपये की लागत से 97 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। परियोजना पूर्ण होने पर बिलासपुर, रतनपुर, कोटा, पेंड्रा और गौरेला क्षेत्र के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा तथा यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों एवं क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। श्री बंसल ने इस प्रकल्प के तहत बन रहे लगभग 7 किलोमीटर लंबी रतनपुर बाईपास सड़क का भी निरीक्षण किया। यह बाईपास रतनपुर नगर में भारी वाहनों के दबाव को कम करने, यातायात को सुचारू बनाने तथा दुर्घटनाओं की संभावना को घटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बाईपास के निर्माण से लंबी दूरी के वाहनों को नगर क्षेत्र में प्रवेश किए बिना आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रा समय और ईंधन की बचत भी होगी।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर निर्माण गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर सचिव ने संबंधित ठेकेदार को आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण होने तक संबंधित भुगतान रोककर रखा जाए। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ स्थानों पर भूमि अर्जन संबंधी प्रकरणों के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। इस पर सचिव ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जा सके।
सचिव श्री बंसल ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क परियोजनाएं क्षेत्र के विकास और जनसुविधा से सीधे जुड़ी हैं। इसलिए सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण किए जाएं, ताकि आम नागरिकों को इनका अधिकतम लाभ मिल सके।

About The Author