खेल की बात पीएम मोदी के साथ

सुकमा, 27 जूलाई 2026/sns/- राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शासकीय नवीन महाविद्यालय कोंटा में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में “खेलो इंडिया संवादः खेल की बात पीएम मोदी के साथ” 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रव्यापी आयोजन के तहत महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संवाद एवं उद्बोधन लाइव सुना। प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों से जुड़ने, खेल भावना और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने तथा नेतृत्व क्षमता, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं से विभिन्न खेल गतिविधियों में अधिकाधिक सहभागिता बढ़ाने और अपनी प्रतिभा के माध्यम से देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और एकाग्रता के साथ प्रधानमंत्री का संदेश श्रवण किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी. सुरेश बाबू ने खिलाड़ियों के लिए संदेश का वाचन किया तथा विद्यार्थियों को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना प्रो. शशिकांत ध्रुवे ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का माय भारत पोर्टल पर राष्ट्रीय सेवा योजना में पंजीयन कराया। कार्यक्रम में श्री मुकेश कुमार पटेल, श्री कुशलराम, सुश्री योगिता मरकाम, सुश्री शोभा क्षत्रिय, श्री कुलेश्वर साहु, अतिथि व्याख्याता श्रीमती चांदनी मरकाम, श्री जे. सुधाकर राव, श्री प्रशांत बघेल सहित महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। आयोजन ने युवाओं में खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति नई ऊर्जा एवं सकारात्मक सोच का संचार किया।

About The Author