जनपद पंचायत दरभा में नरेगा और पीएम आवास योजना की सामाजिक अंकेक्षण संबधी हुई बैठक

जगदलपुर, 18 जून 2026/sns/- विकास और प्रशासनिक पारदर्शिता को गति देने के उद्देश्य से आज जनपद पंचायत दरभा में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तोकापाल, श्री शंकर लाल सिन्हा की अध्यक्षता में सामाजिक अंकेक्षण संबधी बैठक में जनपद पंचायत दरभा के अंतर्गत आने वाली समस्त 46 ग्राम पंचायतों में संचालित महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान मुख्य रूप से उन आपत्तियों और महत्वपूर्ण सुझावों पर बिंदुवार चर्चा की गई जो पूर्व में आयोजित ग्राम सभाओं के माध्यम से प्राप्त हुए थे। इन सभी तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं का उपस्थित विभागीय अधिकारियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा आपसी समन्वय से मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता को और मजबूत किया जा सके।
इस बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत दरभा श्री बीरेंद्र बहादुर, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, विकासखंड समन्वयक (आवास) और तकनीकी सहायकों सहित सभी 46 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी श्री शंकर लाल सिन्हा ने सामाजिक अंकेक्षण से निकले निष्कर्षों के आधार पर कड़ी और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी शासकीय योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है, इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित  किया जाए और सभी विभाग आपसी तालमेल बनाकर हितग्राहियों को समय पर लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। बैठक के समापन पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दोनों महत्वाकांक्षी योजनाओं के सफल संचालन तथा ग्रामीणों को समयबद्ध तरीके से उनका हक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का साझा संकल्प लिया।

About The Author