मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एक कॉल पर मिला पेयजल समस्या का समाधान
मुंगेली, 18 जून 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण के लिए जारी हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनती जा रही है। हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड लोरमी के ग्राम जाकड़बांधा (ठाकुर पारा) में बंद पड़े हैंडपंप की मरम्मत कराकर ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जो मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से संभव हुआ। ग्राम जाकड़बांधा निवासी श्री विकर्तन सिंह ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कर बताया था कि नन्दकेश्वर सिंह के घर के सामने स्थित हैंडपंप पिछले तीन माह से खराब पड़ा हुआ है। यह हैंडपंप मोहल्लेवासियों के लिए पेयजल का एकमात्र स्रोत था। हैंडपंप बंद होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी में लगभग एक किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा था।
शिकायतकर्ता विकर्तन सिंह ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर सरपंच और सचिव को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का सहारा लिया और अपनी समस्या दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग द्वारा मामले को गंभीरता से लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हैंडपंप का निरीक्षण किया तथा शिकायतकर्ता से संपर्क कर समस्या की जानकारी ली। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर हैंडपंप की मरम्मत कराई गई और उसे पुनः चालू किया गया। हैंडपंप के सुचारू रूप से चालू होने के बाद ठाकुर पारा के ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिली है। अब मोहल्लेवासियों को घर के पास ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है और उन्हें दूर-दराज से पानी लाने की परेशानी नहीं उठानी पड़ रही है। श्री विकर्तन सिंह एवं मोहल्ले के अन्य ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी समस्या का त्वरित समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में बेहद प्रभावी साबित हो रही है।